Skip to main content

मंदिर, मस्जिद और महिलाएँ !

तीन महीने पहले जब शनि सिंगनापुर मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर विवाद छिड़ा था तो लगा कि हम अब भी कितने पीछे हैं। हमारी सोच कितनी पीछे ही नहीं, बहुत ओछी भी है। यह हमारे देश का दुर्भाग्य ही है कि हमारी माँ, बहने और बेटियाँ मंदिरों और मस्जिदों में जाने के लिए भी संघर्ष कर रही है। असल जिंदगी में तो वे जंग लड़ती ही रही हैं। अधिकार के साथ- साथ उनकी आस्था और भक्ति की भावनाओं को भी आहत पहुँच रही है। क्या बिना संघर्ष और हंगामे के महिलाएँ जी नहीं सकती? क्या बिना सड़क पर उतरे वे मंदिरों और मस्जिदों में प्रवेश नहीं कर सकती? क्या बिना दहेज के लड़कियाँ ब्याही नहीं जा सकती? क्या बिना माँग के हम उनका हक और आरक्षण नहीं दे सकते? क्या इसके लिए भी संसद में बिल पेश करने की जरूरत होनी चाहिए? यह सब हमारे सामाजिक सोच की एक गंदी उपज है। कोई शास्त्र या वेद तो नहीं कहता है कि पुरुष अपने अनुसार महिलाओं को चलाए या फिर उसके आस्था और भक्ति पर ही रोक लगा दे।

जनवरी 2016 में तृप्ति देसाई ने मंदिरों में लैंगिक भेदभाव को लेकर जब राष्ट्रीय बहस छेड़ा, तो ज्ञात हुआ कि देश के बड़े- बड़े मंदिर और मस्जिद जो कि विश्व प्रसिद्ध हैं, का संचालन भी पितृसत्तात्मक ढोंगी सोच से ही हो रहा है। एक दिन पहले भी बारह ज्योतिर्लिंगों में एक नासिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में महिलाओं को पूजा करने से रोक दिया गया था तथा उनके साथ मारपीट भी की गई, लेकिन उनके अडिग प्रयास के बाद प्रशासनिक सुरक्षा में उन्हें पूजा करने दिया गया। इससे पहले भी शनि सिंगनापुर और अन्य कई मंदिरों में महिलाओं के प्रवेश पर विवाद होने के बाद हाईकोर्ट और फिर राज्य सरकार ने भी साफ किया था कि मंदिर में प्रवेश को लेकर कोई भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा । लेकिन सवाल है कि कोर्ट के आदेश के बाद भी दिक्कतें कहाँ आ रही हैं कि महिलाओं को सड़कों पर आना पड़ रहा है। हाजी अली और देश के अन्य कई मस्जिद और दरगाहों पर भी महिलाओं का प्रवेश वर्जित है। दक्षिण भारत के भी कई मंदिरों में महिलाओं को मंदिर के अंदर प्रवेश करना मना है।

ये मुद्दा न तो बहस का है और न ही न्यूज चैनलों के प्राइम टाइम का, यह मुद्दा है हमारे और आपके सोच का। क्योंकि धर्मगुरुओं को भी राजनेताओं के तरह कैमरे के सामने बहस करने में मजा आ रहा है। लेकिन वे किस तर्क और शास्त्र के आधार पर महिलाओं के प्रवेश को वर्जित मानते हैं, यह उन्हें भी नहीं पता है। बस परम्परा के अनुसार महिलाओं को मंदिरों में नहीं जाना है, इससे आगे उन्हें भी कुछ नहीं पता। अब सुप्रीम कोर्ट को ही इस पर सख्त आदेश देना होगा। ताकि पूरे देश में धर्मगुरुओं और पुजारियों के द्वारा महिलाओं के आस्था पर लगने वाले प्रतिबंध को पूर्णतः हटाया जा सके। यह कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है कि मंदिरों में प्रवेश करने के लिए महिलाओं को सड़कों पर उतरना पड़े, उन्हें धरना- प्रदर्शन करना पड़े, वो भी तब जबकि इस देश की महिलाएँ अंतरिक्ष की सैर करके आ चुकी हों। वैसे, तृप्ति देसाई और वनिता गट्टे जैसी देश की साहसी महिलाओं को मेरा नमन!

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

नफ़रत के कारोबारी!

नफ़रत का कारोबार अब टीवी चैनलों की ज़रूरत बन चुका है। ऐसा लगता है कि इसके बिना अब ये धंधा नहीं चल सकता है। क़रीब 8-9 पहले मैंने लिखा था कि एजेंडा सेटिंग थ्योरी किस तरीके से दर्शकों पर हावी है। उस वक़्त भी मैंने आज तक के कार्यक्रम 'दंगल' का एक महीने का विश्लेषण किया था। उसमें हर दो-तीन दिन में राम मंदिर पर बहस किया गया था। अब ज़रा आज तक, ज़ी न्यूज़ और एबीपी न्यूज़ की शाम के वक़्त बहसों का मुद्दा देखिए। हर दिन हिंदू, राम, कश्मीर, पाकिस्तान, मुसलमान, इमरान खान के आस पास ये एंकर भटकते रहते हैं। कुछ ख़ास और अधूरे तथ्यों को लेकर उसे तोड़ना-मरोड़ना लगा ही रहता है। सांप्रदायिकता फ़ैलाने के लिए तैयार माल बिना रुके बेचा जा रहा है। तीनों चैनलों की ये सभी तस्वीरें जुलाई महीने की हैं। सिर्फ़ इस 3 हफ़्ते में इन चटकदार विषयों पर इतनी बार बहस की गई है। अगर आप हर महीने का विश्लेषण करेंगे तो कमोबेश इन चैनलों पर यही स्थिति रहती है। इसी जुलाई महीने में पूरा देश अलग-अलग आपदाओं से जूझता रहा है लेकिन इनके लिए वो आम घटना रही। इसका नतीजा मैं यही निकाल पाता हूं कि अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ एजेंडा चलाकर ये लोग जन...

झूठा सच और यशपाल

आप कभी ऐसी यात्रा/सफ़र पर गए हैं, जहां से आपको लौटने का मन नहीं करता हो। यशपाल का यह कालजयी उपन्यास 'झूठा सच' ऐसी ही किसी यात्रा पर लेकर चला जाता है। विभाजन की त्रासदी पर तत्कालीन समाज, वर्ग भेद और राजनीतिक-सांस्कृतिक घटनाओं को इतनी बारीकी से समेटकर बताना वाकई अद्भुत है। 960 से ज़्यादा पन्नों के इस उपन्यास में भी नारीवादी विचार, वर्ग संघर्ष, वैवाहिक जीवन, प्रेम, राजनीति, सामाजिक जड़ता, इन्हीं विषयों के आसपास कहानी चलती रहती है। विभाजन और उसके बाद की परिस्थितियों पर हम जो कुछ भी एकेडमिक किताबों में पढ़ते हैं, उसमें राजनीतिक चर्चाएं ज़्यादा होती हैं। राजनीतिक इतिहास में समाज का भीतरी सच छूट जाता है। इसलिए सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को समझने के लिए साहित्यकारों और पत्रकारों के बीच से गुजरना होता है। यशपाल ने इस उपन्यास में ऐसे ही तीन-चार मुख्य किरदारों को केंद्र में रखकर पहले सांप्रदायिक तनावों, आर्थिक-सामाजिक परिदृश्यों और फिर लाहौर से आए शरणार्थियों की समस्याओं, महिलाओं के साथ यौनिक हिंसा और बदलती राजनीति को हूबहू रख देते हैं। उपन्यास में जयदेव और तारा मुख्य किरदार हैं। अपने आदर्शो...

जेनेरेशन गैप या कम्यूनिकेशन गैप ??

आज से 5-6 दिन पहले मेरे दिल को एक गहरा आघात पहुँचा था, जो अब तक मेरे दिल और दिमाग को घेरे हुए है। इसकी बहुत सारी वजहें बनी; आज के दौर के व्यस्त अभिभावक, तानाशाही शिक्षकों की क्रूरता, हमारी स्कूलिंग सिस्टम, समाज की संकीर्णतावादी सोच आदि। सबसे बड़ी वजह थी कि राँची के एक छठी कक्षा के लड़के ने आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र महज 11- 12 साल की थी। अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार वह डीएवी पुंदाग का छात्र था और अपने होमवर्क वाले डायरी न मिलने के कारण काफी निराश था। इसी डर के कारण उसने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी की जो भी वजहें रही हो लेकिन इस घटना ने समाज में एक भय का माहौल जरूर बना दिया। क्या एक छोटा- सा बच्चा भी इस तरह के फैसले ले सकता है जिससे वो अपनी बहुमूल्य जिंदगी को ही गँवा बैठे? सवाल है कि इन सबके बीच माँ- बाप कहाँ है? इस बच्चे के अभिभावक ने बताया कि वो होमवर्क डायरी न मिलने से काफी डर गया था और रात में इसी डर के साथ वो अपने बिस्तर पर गया, फिर सुबह........। किसी व्यक्ति ने आत्महत्या का रास्ता क्यों चुना, इस प्रश्न का उत्तर खोज पाना तो कठिन रहा ही है, लेकिन जब एक छोटा- सा बच्चा इस तरह के कदम उठा...