Skip to main content

सरकार की नीयत ही साफ़ नहीं...

  सच्चा है यहाँ कंगाल,
तो बेईमान है मालामाल
   ये पैसा बोलता है.....
'काला बाज़ार' फ़िल्म के इस पूरे गाने को सुनकर देश की स्थिति को अच्छी तरह से समझ सकते हैं।
नोटबंदी की घोषणा हुए 20 दिन हो गए, इस बीच में तरह- तरह की और भी घोषनाएँ हुई जिसने आम लोगों को बैंकों और एटीएम के सामने लंबी क़तारों में लगाए रखा। सियासत तो होनी ही थी, भले ही विपक्ष के पास कोई पुख़्ता सुबूत न हो। उन्हें भी तो जनता के संवेदनाओं के साथ खड़ा रहना है, भले ही वो राजनीति के लिए हो। अब सरकार ने एक और घोषणा की है कि काले धन वाले 50% तक टैक्स देकर अपने पैसे सुरक्षित रख सकते हैं। यानि कि अगर आपके पास 100 करोड़ का काला धन है तो 50% टैक्स के रूप में चुका कर 50 करोड़ रूपये अपने पॉकेट में रख सकते हैं। लगता है कुछ भक्त लोग बच गए थे मोदी जी के घोषणा के पहले पैसे छुपाने में, ये स्कीम तो उन्हीं लोगों के लिए है। जनता को तो मूर्ख समझते ही हैं हमारे हुक़्मरान, इसलिए तो रो कर भी बात करना पड़ता है। ये 30 सितंबर वाली फिर स्कीम क्या थी? ये तो आप उन्हीं से पूछिए।

क्या सरकार वाकई अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में लगी है या सिर्फ कुछ पूँजीपतियों को, जिसके दम पर ये सत्ता पर काबिज़ हुई है। सरकार के निर्णय में अच्छी नियत की कमी तो साफ़ है। देश के 14•5 लाख करोड़ रूपये के कैश को ख़त्म करने के बदले में 1•5 लाख करोड़ रूपये को लाना किस तरह की ज़िम्मेदारी दिखाती है? उसमें भी ऐसे नोट जिसके देने पर जबरन मेट्रो कार्ड में 500 रूपये का रिचार्ज कर दिया जाय या फिर एक दुकान से दूसरे दुकान में भटकना पड़े। सरकार लोगों को कैशलेस होना सिखा रही है या पेटीएम का इस्तेमाल करना, ये समझना ज़रूरी है। क्या सरकार को नहीं पता था कि इससे पूरे देश में छोटे व्यापारियों को नुकसान हो सकता है, लोगों का कामकाज ठप हो सकता है।

6 फीसदी कैश जो काले धन के रूप में है, इसके लिए 86 फीसदी कैश को ख़त्म कर वाहवाही नहीं लूटी जा सकती है। बैंकों के टूटे हुए कमर को सीधी करने का क्या यही एकमात्र रास्ता था? 63 बड़े उद्योगपतियों के 7000 करोड़ रूपये के कर्ज़ को माफ़ करना, क्या 20 दिन से लाइन में लोगों के साथ इंसाफ है या यही देशभक्ति की पहचान है? क्या सरकार का काले धन वालों के साथ 50- 50 करना उन 80 लोगों के साथ इंसाफ है, जो लाइन में लगकर जान गँवा दिए? सिर्फ़ रोने से उन 80 लोगों के परिवारों के दर्द को कम नहीं किया जा सकता, जो सरकार की कमजोर और बनावटी स्कीम का शिकार हुई है।

जब चैनल पर बीजेपी सदस्य किसी भी सवाल का सीधा और तथ्यात्मक जवाब न दें, तो समझिए कि गड़बड़ है जो कि कल के NDTV प्राइम टाइम में हुआ है। उन चैनलों को छोड़ दीजिए जो सरकार की अंधभक्ति में 2000 के नोट में चिप होने की बात तक करने लगते हैं। ख़ैर, सरकार कल जो आय घोषणा स्कीम-2 लेकर आयी है, उसमें सरकार का काले धन के प्रति कोई ठोस कदम नहीं दिखता है। नोटबंदी से सिर्फ़ और सिर्फ़ आम जनता को परेशान किया गया है। क्या इसकी जाँच नहीं होनी चाहिए कि इस वित्तीय वर्ष के दूसरी तिमाही (जुलाई- सितंबर) में 6 लाख करोड़ रूपये बैंक में कैसे जमा हो गए? सरकार की हर बदलती घोषणा सिर्फ़ एक राजनीतिक दाँव लगती है, जिसे आम जनता की भावनाओं को आगे रखकर खेला जा रहा है। कब तक इस देश में 'आख़िरी मौक़ा' वाली स्कीम चलती रहेगी?

अगर सरकार को सही मायनों में काला धन ख़त्म करने की दिलचस्पी है, तो वह राजनीतिक पार्टियों को दिए जाने वाले फंडिंग को सार्वजनिक करने की स्कीम लाए। नोटबंदी के बाद जन- धन खातों में डाली गई 70,000 करोड़ रूपये की जाँच करें। 50- 50 स्कीम के बदले घूसखोरों को कड़ी सजा दिलाने का प्रावधान करे। रियल एस्टेट और आभूषणों के कारोबार में जा रहे अथाह संपत्ति की सख़्ती से जाँच करे। विदेशों में पड़े भारी मात्रा में काले धन को देश में वापस लाने की हिम्मत दिखाए। कोर्ट के द्वारा भगोड़ा घोषित माल्या को देश वापस खींच कर लाएं। 500 करोड़ रूपये वाली शादी के बारे में जनता को भी समझाए। जनता भी जानती है कि असल काला धन कॉरपोरेट, राजनीतिक पार्टियों और सरकार के दलालों के पास है। अगर ये सब करने में सरकार विफल है, तो समझिए मंच पर नाटक चल रहा है और हमलोग भावुक हुए जा रहे हैं।

वैसे कल के स्कीम के बाद लोग ठगा- ठगा सा महसूस तो कर ही रहे हैं।



Comments

  1. जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदते हैं वो खुद गड्ढे मेंं गिरते हैं। बीजेपी की भी उलटी गिनती शुरू हो गई।

    ReplyDelete
    Replies
    1. ये एक बहुत बड़ी साजिश है, जिसमें एक तीर से बहुत सारे चीजों को ध्वस्त किया गया है। इसलिए सरकार के सभी निर्णय को जनता को व्यवहारिक रूप से समझाना ज़रूरी है। नहीं तो ये संगठित लूट देश के अंदर चलती रहेगी।

      Delete

Post a Comment

Popular posts from this blog

नफ़रत के कारोबारी!

नफ़रत का कारोबार अब टीवी चैनलों की ज़रूरत बन चुका है। ऐसा लगता है कि इसके बिना अब ये धंधा नहीं चल सकता है। क़रीब 8-9 पहले मैंने लिखा था कि एजेंडा सेटिंग थ्योरी किस तरीके से दर्शकों पर हावी है। उस वक़्त भी मैंने आज तक के कार्यक्रम 'दंगल' का एक महीने का विश्लेषण किया था। उसमें हर दो-तीन दिन में राम मंदिर पर बहस किया गया था। अब ज़रा आज तक, ज़ी न्यूज़ और एबीपी न्यूज़ की शाम के वक़्त बहसों का मुद्दा देखिए। हर दिन हिंदू, राम, कश्मीर, पाकिस्तान, मुसलमान, इमरान खान के आस पास ये एंकर भटकते रहते हैं। कुछ ख़ास और अधूरे तथ्यों को लेकर उसे तोड़ना-मरोड़ना लगा ही रहता है। सांप्रदायिकता फ़ैलाने के लिए तैयार माल बिना रुके बेचा जा रहा है। तीनों चैनलों की ये सभी तस्वीरें जुलाई महीने की हैं। सिर्फ़ इस 3 हफ़्ते में इन चटकदार विषयों पर इतनी बार बहस की गई है। अगर आप हर महीने का विश्लेषण करेंगे तो कमोबेश इन चैनलों पर यही स्थिति रहती है। इसी जुलाई महीने में पूरा देश अलग-अलग आपदाओं से जूझता रहा है लेकिन इनके लिए वो आम घटना रही। इसका नतीजा मैं यही निकाल पाता हूं कि अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ एजेंडा चलाकर ये लोग जन...

झूठा सच और यशपाल

आप कभी ऐसी यात्रा/सफ़र पर गए हैं, जहां से आपको लौटने का मन नहीं करता हो। यशपाल का यह कालजयी उपन्यास 'झूठा सच' ऐसी ही किसी यात्रा पर लेकर चला जाता है। विभाजन की त्रासदी पर तत्कालीन समाज, वर्ग भेद और राजनीतिक-सांस्कृतिक घटनाओं को इतनी बारीकी से समेटकर बताना वाकई अद्भुत है। 960 से ज़्यादा पन्नों के इस उपन्यास में भी नारीवादी विचार, वर्ग संघर्ष, वैवाहिक जीवन, प्रेम, राजनीति, सामाजिक जड़ता, इन्हीं विषयों के आसपास कहानी चलती रहती है। विभाजन और उसके बाद की परिस्थितियों पर हम जो कुछ भी एकेडमिक किताबों में पढ़ते हैं, उसमें राजनीतिक चर्चाएं ज़्यादा होती हैं। राजनीतिक इतिहास में समाज का भीतरी सच छूट जाता है। इसलिए सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को समझने के लिए साहित्यकारों और पत्रकारों के बीच से गुजरना होता है। यशपाल ने इस उपन्यास में ऐसे ही तीन-चार मुख्य किरदारों को केंद्र में रखकर पहले सांप्रदायिक तनावों, आर्थिक-सामाजिक परिदृश्यों और फिर लाहौर से आए शरणार्थियों की समस्याओं, महिलाओं के साथ यौनिक हिंसा और बदलती राजनीति को हूबहू रख देते हैं। उपन्यास में जयदेव और तारा मुख्य किरदार हैं। अपने आदर्शो...

जेनेरेशन गैप या कम्यूनिकेशन गैप ??

आज से 5-6 दिन पहले मेरे दिल को एक गहरा आघात पहुँचा था, जो अब तक मेरे दिल और दिमाग को घेरे हुए है। इसकी बहुत सारी वजहें बनी; आज के दौर के व्यस्त अभिभावक, तानाशाही शिक्षकों की क्रूरता, हमारी स्कूलिंग सिस्टम, समाज की संकीर्णतावादी सोच आदि। सबसे बड़ी वजह थी कि राँची के एक छठी कक्षा के लड़के ने आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र महज 11- 12 साल की थी। अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार वह डीएवी पुंदाग का छात्र था और अपने होमवर्क वाले डायरी न मिलने के कारण काफी निराश था। इसी डर के कारण उसने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी की जो भी वजहें रही हो लेकिन इस घटना ने समाज में एक भय का माहौल जरूर बना दिया। क्या एक छोटा- सा बच्चा भी इस तरह के फैसले ले सकता है जिससे वो अपनी बहुमूल्य जिंदगी को ही गँवा बैठे? सवाल है कि इन सबके बीच माँ- बाप कहाँ है? इस बच्चे के अभिभावक ने बताया कि वो होमवर्क डायरी न मिलने से काफी डर गया था और रात में इसी डर के साथ वो अपने बिस्तर पर गया, फिर सुबह........। किसी व्यक्ति ने आत्महत्या का रास्ता क्यों चुना, इस प्रश्न का उत्तर खोज पाना तो कठिन रहा ही है, लेकिन जब एक छोटा- सा बच्चा इस तरह के कदम उठा...