Skip to main content

फ़िल्म रिव्यू "मदारी"!


फ़िल्म 'मदारी' हमारे पूरे राजनीतिक और प्रशासनिक सिस्टम की शिथिलता को समझाने के लिए बनाई गई और मुझे लगता भी है कि ये फ़िल्म सिस्टम पर बहुत बड़ा तमाचा है। डायरेक्टर निशिकांत कामत ने पूरी कोशिश की है कि हम देश के अंदर व्याप्त भ्रष्टाचार, लालफीताशाही और नेताओं के स्वार्थ को आसानी से समझ सके। फ़िल्म दृश्यम के जैसे ही कामत साहब ने इसे भी थ्रिलर बनाने की कोशिश की है। उनकी ये कोशिश पूरी भी हुई है लेकिन जितनी आसानी से इसे फ़िल्माया गया है ऐसा वाकई में होता नहीं है। बहुत सारे सीन को देखकर दर्शकों को पहले से ही संकेत मिल जाते हैं। फ़िल्म की शुरुआत का एक डायलॉग- "बाज़ चूजे पर झपटा उठा ले गया, कहानी सच्ची लगती है, लेकिन अच्छी नहीं लगती। बाज़ पर पलटवार हुआ कहानी सच्ची नहीं लगती, लेकिन ख़ुदा क़सम बहुत अच्छी लगती है।" हमें बता देता है कि कहानी संघर्ष की है।

फ़िल्म की पहली सीन में ही पता चल जाता है कि निर्मल (इरफान ख़ान) गृह मंत्री के बच्चे का अपहरण कर लेता है। उसके बाद के सीन में पूरी अफरा- तफरी को दिखाया जाता है, किस तरह नेता अपहरण के मुद्दे पर मीडिया, विपक्ष हर किसी को शांत करवाने में लगा रहता है जो कि वास्तविक लगता है।  फ़िल्म के बीच में इरफ़ान ख़ान का एक डायलॉग आता है- "मैं एक आदर्श वोटर था, अपने घर- परिवार को चलाने में व्यस्त था। जो सपने दिखाया जाता था वो देखता था। टीवी, अख़बार जो बता दे उसे मान लेता था, लेकिन तुम मेरी दुनिया मुझसे छीनोगे मैं तुम्हारी दुनिया में घुस जाऊँगा।" ये बहुत ही झकझोड़ने वाला है और उसके खोये हुए बेटे का दर्द निकल आता है।

फ़िल्म के गाने कुछ ख़ास नहीं है, लेकिन 'दमा दमा दम दम दम दम.....' थीम साँग के रुप में पूरी फ़िल्म में चलाया जाता है। दूसरा गाना 'मासूम सा' फ़िल्म के भावुक पलों को बाँधने में सहायक हो जाता है। यही जगह- जगह पर दोहराया भी जाता है।

इरफ़ान ख़ान ने एक बार फिर अपनी छाप छोड़ी है। अपने ही अंदाज़ में अभिनय कर पूरी फ़िल्म में जान डाला है। नेचुरल और सादगी भरा अभिनय कहानी के हिसाब से ढलता चला जाता है। रोहन( गृहमंत्री का बेटा ) भी अपने किरदार को सही तरीके से निभा लेता है। जिमी शेरगिल ने भी 'अ वेड्नेसडे' के जैसा सही रोल अदा किया है। एक क़ाबिल ऑफिसर के रुप में वो फिट बैठते हैं। फ़िल्म के अंत तक दोनों लीड एक्टर ने पूरी मेहनत की है। चुँकि फ़िल्म में तीन टाइमलाइन एक साथ चलती है, जो अच्छी क्लाईमैक्स तैयार करती है और हमें बाँध कर भी रखती है।

रितेश शाह के डायलॉग के साथ फ़िल्म के सभी किरदारों ने इंसाफ़ नहीं किया, लेकिन इरफ़ान ख़ान ने अपने दम पर इसे भी जानदार बना ही दिया। निर्मल जब गृहमंत्री को फ़ोन कॉल पर ये डायलॉग- "आवाज़ के तेवर से लगा कि कोई बड़ा बोला, लेकिन आवाज़ में कुछ था उससे लगा कि एक बाप बोला।" ऐसे कई डायलॉग दम भरते हैं। फ़िल्म की सिनेमेटोग्राफी में अविनाश अरुण ने मेहनत की है। जिससे फ़िल्म जिस इमोशन को दिखाना चाहती है, उसे पूरा कर पाती है। बहुत जगहों पर कैमरे के सही फ्रेमिंग का प्रयोग हुआ है, जो इमोशनल टच को दिलाने में कामयाब होती है। दर्शक ऐसे दृश्यों में फ़िल्म के पात्रों के साथ जुड़ते चले जाते हैं।

कुल मिलाकर निशिकांत कामत की दृश्यम के बाद एक और अच्छी फ़िल्म है। फ़िल्म बताती है कि किस तरह हमारा सिस्टम मदारी बनकर हमें असल ज़िन्दगी में नचाता है। करप्शन की मार हर आम आदमी झेलता है, लेकिन उससे लड़ने का तरीका फ़िल्म में आसानी से मिल जाता है, भले ही असल में इतनी आसानी से न हो। सिस्टम की गंदगियों को कई फ़िल्मों में पहले भी दिखाया गया है। लेकिन शैलजा केजरीवाल ने थोड़ा अलग लिखकर इस कहानी को मजेदार बनाया। 2 घंटे तक इस कहानी को चलाकर दर्शकों को बाँधकर रखने में निशिकांत कामत ने पूरी मेहनत की है। इरफ़ान ख़ान के अभिनय की तारीफ़ होनी चाहिए। इसलिए मेरी तरफ़ से फ़िल्म को 3.5 स्टार मिलनी चाहिए।

Comments

Popular posts from this blog

नफ़रत के कारोबारी!

नफ़रत का कारोबार अब टीवी चैनलों की ज़रूरत बन चुका है। ऐसा लगता है कि इसके बिना अब ये धंधा नहीं चल सकता है। क़रीब 8-9 पहले मैंने लिखा था कि एजेंडा सेटिंग थ्योरी किस तरीके से दर्शकों पर हावी है। उस वक़्त भी मैंने आज तक के कार्यक्रम 'दंगल' का एक महीने का विश्लेषण किया था। उसमें हर दो-तीन दिन में राम मंदिर पर बहस किया गया था। अब ज़रा आज तक, ज़ी न्यूज़ और एबीपी न्यूज़ की शाम के वक़्त बहसों का मुद्दा देखिए। हर दिन हिंदू, राम, कश्मीर, पाकिस्तान, मुसलमान, इमरान खान के आस पास ये एंकर भटकते रहते हैं। कुछ ख़ास और अधूरे तथ्यों को लेकर उसे तोड़ना-मरोड़ना लगा ही रहता है। सांप्रदायिकता फ़ैलाने के लिए तैयार माल बिना रुके बेचा जा रहा है। तीनों चैनलों की ये सभी तस्वीरें जुलाई महीने की हैं। सिर्फ़ इस 3 हफ़्ते में इन चटकदार विषयों पर इतनी बार बहस की गई है। अगर आप हर महीने का विश्लेषण करेंगे तो कमोबेश इन चैनलों पर यही स्थिति रहती है। इसी जुलाई महीने में पूरा देश अलग-अलग आपदाओं से जूझता रहा है लेकिन इनके लिए वो आम घटना रही। इसका नतीजा मैं यही निकाल पाता हूं कि अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ एजेंडा चलाकर ये लोग जन...

झूठा सच और यशपाल

आप कभी ऐसी यात्रा/सफ़र पर गए हैं, जहां से आपको लौटने का मन नहीं करता हो। यशपाल का यह कालजयी उपन्यास 'झूठा सच' ऐसी ही किसी यात्रा पर लेकर चला जाता है। विभाजन की त्रासदी पर तत्कालीन समाज, वर्ग भेद और राजनीतिक-सांस्कृतिक घटनाओं को इतनी बारीकी से समेटकर बताना वाकई अद्भुत है। 960 से ज़्यादा पन्नों के इस उपन्यास में भी नारीवादी विचार, वर्ग संघर्ष, वैवाहिक जीवन, प्रेम, राजनीति, सामाजिक जड़ता, इन्हीं विषयों के आसपास कहानी चलती रहती है। विभाजन और उसके बाद की परिस्थितियों पर हम जो कुछ भी एकेडमिक किताबों में पढ़ते हैं, उसमें राजनीतिक चर्चाएं ज़्यादा होती हैं। राजनीतिक इतिहास में समाज का भीतरी सच छूट जाता है। इसलिए सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को समझने के लिए साहित्यकारों और पत्रकारों के बीच से गुजरना होता है। यशपाल ने इस उपन्यास में ऐसे ही तीन-चार मुख्य किरदारों को केंद्र में रखकर पहले सांप्रदायिक तनावों, आर्थिक-सामाजिक परिदृश्यों और फिर लाहौर से आए शरणार्थियों की समस्याओं, महिलाओं के साथ यौनिक हिंसा और बदलती राजनीति को हूबहू रख देते हैं। उपन्यास में जयदेव और तारा मुख्य किरदार हैं। अपने आदर्शो...

जेनेरेशन गैप या कम्यूनिकेशन गैप ??

आज से 5-6 दिन पहले मेरे दिल को एक गहरा आघात पहुँचा था, जो अब तक मेरे दिल और दिमाग को घेरे हुए है। इसकी बहुत सारी वजहें बनी; आज के दौर के व्यस्त अभिभावक, तानाशाही शिक्षकों की क्रूरता, हमारी स्कूलिंग सिस्टम, समाज की संकीर्णतावादी सोच आदि। सबसे बड़ी वजह थी कि राँची के एक छठी कक्षा के लड़के ने आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र महज 11- 12 साल की थी। अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार वह डीएवी पुंदाग का छात्र था और अपने होमवर्क वाले डायरी न मिलने के कारण काफी निराश था। इसी डर के कारण उसने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी की जो भी वजहें रही हो लेकिन इस घटना ने समाज में एक भय का माहौल जरूर बना दिया। क्या एक छोटा- सा बच्चा भी इस तरह के फैसले ले सकता है जिससे वो अपनी बहुमूल्य जिंदगी को ही गँवा बैठे? सवाल है कि इन सबके बीच माँ- बाप कहाँ है? इस बच्चे के अभिभावक ने बताया कि वो होमवर्क डायरी न मिलने से काफी डर गया था और रात में इसी डर के साथ वो अपने बिस्तर पर गया, फिर सुबह........। किसी व्यक्ति ने आत्महत्या का रास्ता क्यों चुना, इस प्रश्न का उत्तर खोज पाना तो कठिन रहा ही है, लेकिन जब एक छोटा- सा बच्चा इस तरह के कदम उठा...