Skip to main content

धार्मिक भावनाओं के लगते अंबार के बीच....

 


जब भी मैं धर्म और पाखंड पर बात करता हूं, तो लोग मुझे नास्तिक बोलकर छुटकारा पाने की कोशिश करते हैं। लेकिन वो ख़ुद पाखंड को कुरीति मानकर भी छुटकारा पाने के बदले उसे ढोते रहते हैं। नास्तिकता का डिबेट कोई नया नहीं है। अगर आप अपने भगवान, अल्लाह या किसी ऐसी काल्पनिक शक्ति के बारे में एक तर्क देंगे, तो मैं अपने विचार पर दोबारा सोचने की कोशिश ज़रूर करूंगा।

धर्म के ख़िलाफ़ बोलने पर धार्मिक व्यक्ति को बुरा लगना स्वभाविक है। क्योंकि उसकी पूरी जीवनशैली उससे जुड़ी होती है। भगवान को ना मानने वाले लोग धर्म को चुनौती देते हैं, उसकी खामियों को सामने रखते हैं। हज़ारों सालों से जो चीज़ हम पर थोपा गया है, उससे बाहर निकलने की कोशिश करते हैं और इसमें कोई बुराई नहीं है। 

समाज बहुत सारी चीज़ों को तोड़कर बाहर आया है, जिसको लोग धर्म के हिसाब से अपनी संस्कृति और सभ्यता मानते थे। सती प्रथा हो, समलैंगिकता हो, तीन तलाक हो, व्यभिचार हो, महिलाओं का खतना हो या उन्हें घर तक सीमित रखना हो, ये सब समय के साथ बदले हैं। लेकिन इनका जड़ कहां था, धर्म में ही ना। इन सबको जस्टिफाई करने के लिए हमेशा धर्म और ईश्वरीय क़ानून का हवाला दिया जाता रहा है, लेकिन ख़त्म हुआ कि नहीं।

पैदा होने वक़्त बच्चे को मालूम नहीं होता कि वह हिंदू है या मुसलमान या ईसाई या कुछ और। मनुष्य का पैदा होना एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है। जब तक एक स्त्री और पुरूष सेक्स नहीं करेंगे (अब दूसरे वैज्ञानिक पद्धति भी) तो बच्चा नहीं पैदा होगा। सोचिए अगर आपके परिवार ने आपको मुस्लिम या हिंदू बनाया होता या कुछ और तो आप क्या होते। अगर आपके कोई  नास्तिक मां-बाप आपको बचपन से नास्तिक बना देते, तब भी आप भगवान/अल्लाह का ज़िक्र करते।

मां-बाप से या परिवार में आप रूढ़िवादी चीज़ों के ख़िलाफ़ लड़ते हैं कि नहीं लड़ते हैं? अगर वो उसी तरीके से चलता रहे तो क्या ग़लत है, उसको भी मानकर बैठ जाना चाहिए। धर्म की बुनियाद ही पूरी तरीके से झूठ पर है, इसलिए इस झूठ के ख़िलाफ़ बोलने से मुझे डर नहीं लगता है।

हमें बताया गया कि एक भगवान है, हमने मान लिया। बताया गया कि चार हैं, वो भी मान लिए। हम कभी भी अपने हिंदू, मुस्लिम, जाति या धर्म विशेष होने को लेकर परिवार या समाज पर सवाल नहीं उठाते हैं। उस पर बिना प्रश्न चिह्न खड़े किए उसको पोषते रहते हैं।

अपने आसपास हर एक छोटी से छोटी चीज़ को देखिए और पता कीजिए कि उसमें भगवान या धर्म का कितना रोल है? या फिर उसमें विज्ञान का कितना रोल है। अपने पैदा होने से लेकर अपनी मृत्यु तक 'भगवान' जैसी किसी चीज़ का क्या रोल है? बात दिमाग़ पर ज़ोर देने की है।

Comments

Popular posts from this blog

नफ़रत के कारोबारी!

नफ़रत का कारोबार अब टीवी चैनलों की ज़रूरत बन चुका है। ऐसा लगता है कि इसके बिना अब ये धंधा नहीं चल सकता है। क़रीब 8-9 पहले मैंने लिखा था कि एजेंडा सेटिंग थ्योरी किस तरीके से दर्शकों पर हावी है। उस वक़्त भी मैंने आज तक के कार्यक्रम 'दंगल' का एक महीने का विश्लेषण किया था। उसमें हर दो-तीन दिन में राम मंदिर पर बहस किया गया था। अब ज़रा आज तक, ज़ी न्यूज़ और एबीपी न्यूज़ की शाम के वक़्त बहसों का मुद्दा देखिए। हर दिन हिंदू, राम, कश्मीर, पाकिस्तान, मुसलमान, इमरान खान के आस पास ये एंकर भटकते रहते हैं। कुछ ख़ास और अधूरे तथ्यों को लेकर उसे तोड़ना-मरोड़ना लगा ही रहता है। सांप्रदायिकता फ़ैलाने के लिए तैयार माल बिना रुके बेचा जा रहा है। तीनों चैनलों की ये सभी तस्वीरें जुलाई महीने की हैं। सिर्फ़ इस 3 हफ़्ते में इन चटकदार विषयों पर इतनी बार बहस की गई है। अगर आप हर महीने का विश्लेषण करेंगे तो कमोबेश इन चैनलों पर यही स्थिति रहती है। इसी जुलाई महीने में पूरा देश अलग-अलग आपदाओं से जूझता रहा है लेकिन इनके लिए वो आम घटना रही। इसका नतीजा मैं यही निकाल पाता हूं कि अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ एजेंडा चलाकर ये लोग जन...

झूठा सच और यशपाल

आप कभी ऐसी यात्रा/सफ़र पर गए हैं, जहां से आपको लौटने का मन नहीं करता हो। यशपाल का यह कालजयी उपन्यास 'झूठा सच' ऐसी ही किसी यात्रा पर लेकर चला जाता है। विभाजन की त्रासदी पर तत्कालीन समाज, वर्ग भेद और राजनीतिक-सांस्कृतिक घटनाओं को इतनी बारीकी से समेटकर बताना वाकई अद्भुत है। 960 से ज़्यादा पन्नों के इस उपन्यास में भी नारीवादी विचार, वर्ग संघर्ष, वैवाहिक जीवन, प्रेम, राजनीति, सामाजिक जड़ता, इन्हीं विषयों के आसपास कहानी चलती रहती है। विभाजन और उसके बाद की परिस्थितियों पर हम जो कुछ भी एकेडमिक किताबों में पढ़ते हैं, उसमें राजनीतिक चर्चाएं ज़्यादा होती हैं। राजनीतिक इतिहास में समाज का भीतरी सच छूट जाता है। इसलिए सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को समझने के लिए साहित्यकारों और पत्रकारों के बीच से गुजरना होता है। यशपाल ने इस उपन्यास में ऐसे ही तीन-चार मुख्य किरदारों को केंद्र में रखकर पहले सांप्रदायिक तनावों, आर्थिक-सामाजिक परिदृश्यों और फिर लाहौर से आए शरणार्थियों की समस्याओं, महिलाओं के साथ यौनिक हिंसा और बदलती राजनीति को हूबहू रख देते हैं। उपन्यास में जयदेव और तारा मुख्य किरदार हैं। अपने आदर्शो...

जेनेरेशन गैप या कम्यूनिकेशन गैप ??

आज से 5-6 दिन पहले मेरे दिल को एक गहरा आघात पहुँचा था, जो अब तक मेरे दिल और दिमाग को घेरे हुए है। इसकी बहुत सारी वजहें बनी; आज के दौर के व्यस्त अभिभावक, तानाशाही शिक्षकों की क्रूरता, हमारी स्कूलिंग सिस्टम, समाज की संकीर्णतावादी सोच आदि। सबसे बड़ी वजह थी कि राँची के एक छठी कक्षा के लड़के ने आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र महज 11- 12 साल की थी। अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार वह डीएवी पुंदाग का छात्र था और अपने होमवर्क वाले डायरी न मिलने के कारण काफी निराश था। इसी डर के कारण उसने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी की जो भी वजहें रही हो लेकिन इस घटना ने समाज में एक भय का माहौल जरूर बना दिया। क्या एक छोटा- सा बच्चा भी इस तरह के फैसले ले सकता है जिससे वो अपनी बहुमूल्य जिंदगी को ही गँवा बैठे? सवाल है कि इन सबके बीच माँ- बाप कहाँ है? इस बच्चे के अभिभावक ने बताया कि वो होमवर्क डायरी न मिलने से काफी डर गया था और रात में इसी डर के साथ वो अपने बिस्तर पर गया, फिर सुबह........। किसी व्यक्ति ने आत्महत्या का रास्ता क्यों चुना, इस प्रश्न का उत्तर खोज पाना तो कठिन रहा ही है, लेकिन जब एक छोटा- सा बच्चा इस तरह के कदम उठा...