Skip to main content

करियर, बिहार और बातचीत!

"कहाँ उलझे हुए हो इन सब चीजों में, कुछ अच्छी नौकरी करो! पूरा मीडिया तो बिका हुआ है। बिहार के लोग तो बहुत तेज होते हैं। मैंने देखा है कि शारीरिक और मानसिक दोनों तरीके से आप लोग काफ़ी मज़बूत होते हैं। आइएएस भी तो आप ही के यहाँ से बहुत बनते हैं।"

यह वाक्या एक बड़े अधिकारी ने मुझसे कहा, क्योंकि मैं मीडिया की पढ़ाई कर रहा हूँ। वैसे इस तरह की चीजें कहीं न कहीं से मेरे पास आती रहती हैं। घूमते- फ़िरते कहीं पर भी रूक कर सवाल करना आदत बनती जा रही है। एक दिन पहले, अचानक से भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत काम कर रहे 'केन्द्रीय समाज कल्याण बोर्ड' के दफ्तर पहुँच गया। यह एक स्वायत्त संस्था है, जो कि महिलाओं और बच्चों के लिए कई सारे योजनाओं पर काम करती है। वहाँ एक बड़े अधिकारी से मिला, लगा जैसे कि शायद बात करने के लिए बहुत देर से मेरा इंतज़ार कर रहे हों। बहुत सारी जानकारी भी मिली, लेकिन वो मेरे बारे में जानने के लिए ज़्यादा उत्सुक होने लगे। उन्हें बताया कि मीडिया में आना बचपन का शौक था। इसलिए अब मैं आज का ('सबसे अच्छा' और 'सबसे बुरा') फ़ील्ड के लिए ख़ुद को तैयार कर रहा हूँ। सरकारी नौकरी करने का कभी शौक नहीं रहा है। समाज की परिस्थितियों को क़रीब से देखने के कारण, अब ज़िम्मेदारी भी बढ़ती चली जा रही है। कुछ तो है, जो इस जोश को बनाए हुए है।

उनको बिहार के बारे में जानने की दिलचस्पी थी। बिहार में घुसने के बाद समस्याओं का स्पाइरल बनता चला गया। उन्होंने पानी के लिए भी पूछा, लेकिन बातचीत रमती हुई नज़र आ रही थी, इसलिए मना कर दिया। अच्छा हुआ जाति को लेकर उन्होंने ज़्यादा कुछ नहीं पूछा, नहीं तो पूरी बातचीत उसी में निकल जाती। उन्होंने समस्याओं के समाधान के बारे मुझसे पूछा, तो बता दिया कि शिक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाना ही सबसे बड़ा हल है। इसके अलावा लोगों को धर्म और जाति के चश्मे को हटाकर दुनिया देखने की ज़रूरत है, तभी राजनीति भी सुधर जाए। क़ानून व्यवस्था में सुधार के साथ मैंने मीडिया की सक्रियता पर भी ज़ोर दे दिया, क्योंकि बिहार के पत्रकारिता का इतिहास भी बहुत पुराना है। आजकल मीडिया की भागीदारी का गुणगान हर जगह करने की आदत हो गई है। ये समाधान काफ़ी हैं या कम, ये मुझे नहीं पता। चुँकि पढ़ाई- लिखाई के माहौल के बारे में ही ज़्यादा बात हुई, इसलिए बिहार से लेकर दिल्ली तक पूरी बातचीत के बाद उन्होंने ऊपर वाला वाक्या बोल दिया।

उनके इस कथन पर हँस दिया और कहा कि अपनी- अपनी समझ है। वैसे मीडिया के बारे में लोगों की समझ काफ़ी अच्छी हो गई है। बिहार के लोगों की तारीफ़ सुनकर अच्छा लगा, लेकिन सच्चाई थोड़ी अलग है। सरकारी नौकरी करने के अलावा छात्रों और अभिभावकों को कुछ रास्ता दिखता नहीं है। यह बिहार के पूरे तंत्र के लिए बड़ी चुनौती है। लोगों के वैकल्पिक सोच का दायरा कब तक बढ़ेगा, यह तो पता नहीं लेकिन सरकारी नौकरी का अपना मज़ा है।

अभी कुछ ही महीने हुए हैं दिल्ली आए हुए और उम्मीदें, मेरे से ज़्यादा दूसरों की बढ़ी हुई रहती हैं। अंत में उन्होंने करियर के लिए 'बेस्ट ऑफ़ लक' भी विश कर दिया।

Comments

Popular posts from this blog

नफ़रत के कारोबारी!

नफ़रत का कारोबार अब टीवी चैनलों की ज़रूरत बन चुका है। ऐसा लगता है कि इसके बिना अब ये धंधा नहीं चल सकता है। क़रीब 8-9 पहले मैंने लिखा था कि एजेंडा सेटिंग थ्योरी किस तरीके से दर्शकों पर हावी है। उस वक़्त भी मैंने आज तक के कार्यक्रम 'दंगल' का एक महीने का विश्लेषण किया था। उसमें हर दो-तीन दिन में राम मंदिर पर बहस किया गया था। अब ज़रा आज तक, ज़ी न्यूज़ और एबीपी न्यूज़ की शाम के वक़्त बहसों का मुद्दा देखिए। हर दिन हिंदू, राम, कश्मीर, पाकिस्तान, मुसलमान, इमरान खान के आस पास ये एंकर भटकते रहते हैं। कुछ ख़ास और अधूरे तथ्यों को लेकर उसे तोड़ना-मरोड़ना लगा ही रहता है। सांप्रदायिकता फ़ैलाने के लिए तैयार माल बिना रुके बेचा जा रहा है। तीनों चैनलों की ये सभी तस्वीरें जुलाई महीने की हैं। सिर्फ़ इस 3 हफ़्ते में इन चटकदार विषयों पर इतनी बार बहस की गई है। अगर आप हर महीने का विश्लेषण करेंगे तो कमोबेश इन चैनलों पर यही स्थिति रहती है। इसी जुलाई महीने में पूरा देश अलग-अलग आपदाओं से जूझता रहा है लेकिन इनके लिए वो आम घटना रही। इसका नतीजा मैं यही निकाल पाता हूं कि अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ एजेंडा चलाकर ये लोग जन...

झूठा सच और यशपाल

आप कभी ऐसी यात्रा/सफ़र पर गए हैं, जहां से आपको लौटने का मन नहीं करता हो। यशपाल का यह कालजयी उपन्यास 'झूठा सच' ऐसी ही किसी यात्रा पर लेकर चला जाता है। विभाजन की त्रासदी पर तत्कालीन समाज, वर्ग भेद और राजनीतिक-सांस्कृतिक घटनाओं को इतनी बारीकी से समेटकर बताना वाकई अद्भुत है। 960 से ज़्यादा पन्नों के इस उपन्यास में भी नारीवादी विचार, वर्ग संघर्ष, वैवाहिक जीवन, प्रेम, राजनीति, सामाजिक जड़ता, इन्हीं विषयों के आसपास कहानी चलती रहती है। विभाजन और उसके बाद की परिस्थितियों पर हम जो कुछ भी एकेडमिक किताबों में पढ़ते हैं, उसमें राजनीतिक चर्चाएं ज़्यादा होती हैं। राजनीतिक इतिहास में समाज का भीतरी सच छूट जाता है। इसलिए सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को समझने के लिए साहित्यकारों और पत्रकारों के बीच से गुजरना होता है। यशपाल ने इस उपन्यास में ऐसे ही तीन-चार मुख्य किरदारों को केंद्र में रखकर पहले सांप्रदायिक तनावों, आर्थिक-सामाजिक परिदृश्यों और फिर लाहौर से आए शरणार्थियों की समस्याओं, महिलाओं के साथ यौनिक हिंसा और बदलती राजनीति को हूबहू रख देते हैं। उपन्यास में जयदेव और तारा मुख्य किरदार हैं। अपने आदर्शो...

जेनेरेशन गैप या कम्यूनिकेशन गैप ??

आज से 5-6 दिन पहले मेरे दिल को एक गहरा आघात पहुँचा था, जो अब तक मेरे दिल और दिमाग को घेरे हुए है। इसकी बहुत सारी वजहें बनी; आज के दौर के व्यस्त अभिभावक, तानाशाही शिक्षकों की क्रूरता, हमारी स्कूलिंग सिस्टम, समाज की संकीर्णतावादी सोच आदि। सबसे बड़ी वजह थी कि राँची के एक छठी कक्षा के लड़के ने आत्महत्या कर ली। उसकी उम्र महज 11- 12 साल की थी। अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार वह डीएवी पुंदाग का छात्र था और अपने होमवर्क वाले डायरी न मिलने के कारण काफी निराश था। इसी डर के कारण उसने खुदकुशी कर ली। खुदकुशी की जो भी वजहें रही हो लेकिन इस घटना ने समाज में एक भय का माहौल जरूर बना दिया। क्या एक छोटा- सा बच्चा भी इस तरह के फैसले ले सकता है जिससे वो अपनी बहुमूल्य जिंदगी को ही गँवा बैठे? सवाल है कि इन सबके बीच माँ- बाप कहाँ है? इस बच्चे के अभिभावक ने बताया कि वो होमवर्क डायरी न मिलने से काफी डर गया था और रात में इसी डर के साथ वो अपने बिस्तर पर गया, फिर सुबह........। किसी व्यक्ति ने आत्महत्या का रास्ता क्यों चुना, इस प्रश्न का उत्तर खोज पाना तो कठिन रहा ही है, लेकिन जब एक छोटा- सा बच्चा इस तरह के कदम उठा...